नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (20 नवंबर) शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यता संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर वह उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 22 नवंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य SCO सदस्य देशों के बीच साझा सांस्कृतिक विरासत और सभ्यताओं के आपसी संबंधों को मजबूत करना है।
PM मोदी के प्रस्ताव पर शुरू हुआ मंच
SCO सभ्यता संवाद मंच की परिकल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखी थी। उन्होंने संगठन के ढांचे के भीतर सभ्यताओं के बीच संवाद के लिए एक समर्पित मंच बनाने का सुझाव दिया था। इस प्रस्ताव को सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। बाद में बिश्केक घोषणापत्र में भी इसका स्वागत किया गया।
अब इसी पहल के तहत भारत में पहली बार SCO सभ्यता संवाद मंच आयोजित किया जा रहा है।
क्या हैं मंच के प्रमुख उद्देश्य?
इस आयोजन के तीन प्रमुख लक्ष्य तय किए गए हैं। इनमें क्षेत्र की समृद्ध और एक-दूसरे से जुड़ी सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, सदस्य देशों के लोगों के बीच संपर्क और आपसी समझ बढ़ाना तथा विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद और सहयोग को प्रोत्साहित करना शामिल है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम से होगा उद्घाटन
उद्घाटन समारोह में ‘सभ्यताओं का संवाद-सांस्कृतिक कार्यक्रम’ प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें संगीत, नृत्य, विजुअल स्टोरीटेलिंग और वर्णन के जरिए भारत तथा यूरेशिया के सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाया जाएगा।
कार्यक्रम की थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम-पूरी दुनिया एक परिवार है’ रखी गई है। पुराने किले का ऐतिहासिक परिवेश इस आयोजन को विशेष पहचान देगा।
पुरातात्विक विरासत की लगेगी प्रदर्शनी
मंच के दौरान ‘अस्तित्व-हमारे होने का सार’ शीर्षक से प्रदर्शनियां भी आयोजित होंगी। इनमें भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रदर्शनी में 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्य शामिल होंगे। खुदाई में मिले अवशेषों, कलाकृतियों, वास्तुकला के हिस्सों और अन्य ऐतिहासिक खोजों के माध्यम से दिल्ली के अतीत की झलक पेश की जाएगी।
महाभारत काल की कलात्मक परंपरा भी आएगी नजर
पुराने किले में ‘महाभारत स्क्रॉल पैवेलियन-अनंत’ भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां 18वीं सदी का दुर्लभ चित्रित महाभारत स्क्रॉल प्रदर्शित किया जाएगा। इसके जरिए दर्शकों को महाभारत की कालजयी कथा और भारतीय चित्रकला की समृद्ध परंपरा से परिचित कराया जाएगा।
21 और 22 नवंबर को होंगे चार विषयगत सत्र
उद्घाटन के बाद 21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
चर्चाओं में संगीत और प्रदर्शन कला, वस्त्र, खान-पान, पारंपरिक खेल, कला एवं वास्तुकला की साझा विरासत, भाषा और साहित्यिक परंपराएं, लिपियां और पांडुलिपियां शामिल होंगी। इसके अलावा मठों से जुड़े ऐतिहासिक मार्गों और दार्शनिक परंपराओं पर भी विचार-विमर्श होगा।
क्यों खास है दिल्ली का पुराना किला?
दिल्ली के मथुरा रोड के पास स्थित पुराना किला 16वीं शताब्दी का ऐतिहासिक दुर्ग है। इसके निर्माण की शुरुआत मुगल शासक हुमायूं ने ‘दीनपनाह’ के रूप में कराई थी। ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के कारण यह स्थल इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन के लिए खास माना जा रहा है।
इस मंच के जरिए भारत SCO देशों के साथ सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने और साझा सभ्यतागत विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखने की कोशिश करेगा।