मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

अमृतपाल सिंह की दादी का अंतिम संस्कार आज, जल्लूपुर खेड़ा में 800 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

अमृतसर: सांसद अमृतपाल सिंह की दादी के अंतिम संस्कार को लेकर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। 21 नवंबर को अमृतसर के जल्लूपुर खेड़ा गांव में होने वाले अंतिम संस्कार के दौरान करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना बनाई गई है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया जा सकता है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।

SSP ने गांव पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात

अमृतसर देहाती के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल, डीएसपी बाबा बकाला सुखपाल सिंह और विभिन्न थानों के एसएचओ ने जल्लूपुर खेड़ा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने अमृतपाल सिंह के चाचा सुखचैन सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अंतिम संस्कार की तैयारियों पर चर्चा की।

एसएसपी ने बताया कि फिलहाल करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना है। हालात को देखते हुए पुलिस बल की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

पुलिस टीम को अमृतसर लाने के लिए खर्च हुए 7.63 लाख रुपये

परिवार की ओर से सरकार को 10 लाख रुपये जमा करवाए गए हैं। शमशेर सिंह पदरी के मुताबिक, इसमें से 7.63 लाख रुपये अमृतपाल सिंह को असम के डिब्रूगढ़ से अमृतसर लाने और उनकी सुरक्षा में तैनात पांच पुलिसकर्मियों की टीम के हवाई सफर पर खर्च होंगे।

शेष राशि पुलिस सुरक्षा, खान-पान और अन्य जरूरी सुविधाओं पर खर्च की जाएगी। बताया गया है कि पांच पुलिसकर्मियों की टीम अमृतपाल को लाने के लिए डिब्रूगढ़ पहुंच चुकी है।

गांव में बैरिकेडिंग और पार्किंग की व्यवस्था

अंतिम संस्कार के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आयोजन स्थल के आसपास बैरिकेडिंग की जाएगी। गांव में आने वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान तय किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों की टीमें लगातार गांव का दौरा कर रही हैं। प्रशासन का कहना है कि अमृतपाल सिंह की मौजूदगी के दौरान अदालत की ओर से तय शर्तों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा।

दोपहर 12 से 3 बजे तक कस्टडी पैरोल

अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कस्टडी पैरोल दी गई है। इस अवधि में वह पुलिस हिरासत में रहेंगे और उन्हें केवल अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा स्थित घर तक जाने की अनुमति होगी।

अदालत की शर्तों के मुताबिक, वह किसी अन्य स्थान पर नहीं जा सकेंगे। उन्हें जनसभा को संबोधित करने, मीडिया से बातचीत करने और परिवार के सदस्यों के अलावा अन्य लोगों से मिलने की अनुमति नहीं होगी। लंबित आपराधिक मामलों के किसी भी गवाह से संपर्क करने पर भी रोक रहेगी।

22 और 23 नवंबर के कार्यक्रमों में ऑनलाइन जुड़ेंगे

निर्धारित शर्तों के अनुसार, 22 नवंबर को अस्थियां एकत्र करने और 23 नवंबर को होने वाले भोग समागम में अमृतपाल सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। पूरी अवधि के दौरान उन्हें पुलिस हिरासत में रहना होगा और प्रशासन तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी। इसके लिए सुरक्षा के साथ-साथ यातायात और भीड़ प्रबंधन की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Recent Posts:
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x