मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

PM मोदी का बड़ा संदेश: अब डिग्री नहीं, हुनर की होगी ज्यादा कद्र; ITI छात्रों को मिलेगा IIT जैसा सम्मान

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल विकास कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय हुनर और कौशल का है। अब केवल कागजी डिग्रियों के बजाय काम करने की क्षमता और व्यावहारिक कौशल को अधिक महत्व मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिसके पास हुनर है, उसकी मांग देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में बढ़ रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के कई देश भारत से कुशल युवाओं की मांग कर रहे हैं। विदेशों में आधुनिक शहरों के निर्माण और विकास में भारतीय कारीगरों के योगदान को भी सराहा जाता है। दुबई और आबूधाबी जैसे शहरों की चमक में भारतीय कारीगरों की मेहनत और हुनर की अहम भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न देशों के साथ होने वाले समझौतों में भी हर साल हजारों कुशल कामगारों की जरूरत का उल्लेख किया जाता है।

ITI युवाओं को मिलेगा सम्मान

प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक देश में डिग्री हासिल करने वालों को अधिक सम्मान दिया गया, जबकि कौशल आधारित शिक्षा को अपेक्षित महत्व नहीं मिला। अब इस सोच को बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि IIT के विद्यार्थियों की तरह ITI से प्रशिक्षित युवाओं को भी सम्मान मिलना चाहिए। बड़ी कंपनियों को आगे बढ़ाने में कुशल तकनीकी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि ITI में पढ़ने वाले युवाओं के हुनर में उन्हें देश का भविष्य दिखाई देता है। सरकार ने कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए स्किल सिटी जैसी पहल की है, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए जरूरी प्रशिक्षण मिल सके।

AI से डरने की जरूरत नहीं

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि तकनीक के बदलते दौर में कौशल रखने वाले लोगों के रोजगार पर खतरा नहीं है। उन्होंने युवाओं से नए हुनर सीखने और खुद को समय के अनुसार तैयार करने की अपील की। कोविड महामारी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान लोगों को महसूस हुआ कि जीवन और रोजगार के लिए व्यावहारिक कौशल कितना जरूरी है।

मोबाइल निर्माण में आगे बढ़ रहीं बेटियां

पीएम मोदी ने भारत में बढ़ते मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय देश में मोबाइल फोन बाहर से आते थे, लेकिन अब भारत में ही मोबाइल फोन का निर्माण हो रहा है। इस क्षेत्र में बेटियां भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ITI में दाखिला लेने वाले युवाओं की संख्या में पांच लाख से अधिक की वृद्धि हुई है और लड़कियों की भागीदारी भी बढ़ी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में कौशल विकास की अहम भूमिका होगी। युवाओं को केवल प्रमाणपत्र हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसा हुनर सीखना चाहिए जो उद्योगों और समाज की जरूरतों को पूरा कर सके।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Recent Posts:
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x