Dhanteras Business News: धनतेरस के मौके पर इस साल देशभर के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। ग्राहकों के उत्साह से खुदरा कारोबार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुमान के मुताबिक, धनतेरस पर देशभर में कुल व्यापार 1.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। वहीं, सोने और चांदी का कारोबार अकेले 66 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंचने का अनुमान है।
बुलियन और ज्वैलरी से लेकर ऑटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों तक लगभग सभी प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ रही। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार त्योहारी खरीदारी में कई क्षेत्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
बाजारों में दिखा खरीदारी का जबरदस्त उत्साह
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल के अनुसार, धनतेरस के कारोबार ने एक बार फिर देश के पारंपरिक बाजारों की मजबूती को दिखाया है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान व्यापारी समुदाय की सक्रियता और ग्राहकों की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
कैट के उपाध्यक्ष और ठाणे जिला होलसेल व्यापारी वेलफेयर महासंघ के अध्यक्ष सुरेश भाई ठक्कर ने त्योहारी कारोबार में तेजी के पीछे जीएसटी दरों में कटौती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ आह्वान को अहम वजह बताया।
सोने-चांदी की खरीदारी में भी उछाल
धनतेरस पर सोने और चांदी की खरीदारी का भी खासा उत्साह देखने को मिला। ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा के मुताबिक, देशभर में दोनों कीमती धातुओं का कारोबार 66 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है।
दिल्ली और मुंबई के बुलियन बाजारों में भी रौनक रही। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद लोगों ने हल्के वजन के आभूषण, पारंपरिक गहने और चांदी के सिक्के खरीदे।
धनतेरस के दिन सोने का भाव करीब 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत लगभग 1.90 लाख रुपये प्रति किलोग्राम बताई गई। इससे पहले धनतेरस से पहले सोना करीब 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी लगभग 1.75 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी।
सोने-चांदी के आयात और निर्यात के आंकड़े
AIJGF के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान सोने के धातु का आयात 1,82,995 करोड़ रुपये रहा। इसी अवधि में चांदी का आयात 22,923 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
वहीं, तैयार सोने के आभूषणों का निर्यात 59,266 करोड़ रुपये और चांदी के आभूषणों का निर्यात 6,909 करोड़ रुपये रहा। ये आंकड़े देश में कीमती धातुओं और आभूषणों के कारोबार के बड़े दायरे को दर्शाते हैं।
स्वदेशी सामान की खरीदारी को मिला बढ़ावा
धनतेरस पर लोगों ने केवल सोने-चांदी के गहने ही नहीं खरीदे, बल्कि बर्तन, झाड़ू, मोबाइल, लैपटॉप, टीवी, घरेलू उपकरण और वाहन भी बड़ी संख्या में खरीदे गए। ज्वैलरी शोरूम, ऑटोमोबाइल डीलरशिप और स्थानीय दुकानों में ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही।
कैट पदाधिकारियों के मुताबिक, भारतीय उत्पादों की बढ़ती मांग से घरेलू निर्माताओं, छोटे कारोबारियों, कारीगरों और एमएसएमई क्षेत्र को फायदा मिला है। इससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
कैट का कहना है कि धनतेरस और दीपावली अब धार्मिक व सांस्कृतिक उत्सवों के साथ-साथ देश के व्यापार और अर्थव्यवस्था को गति देने वाले महत्वपूर्ण अवसर बन गए हैं।