मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

राजस्थान पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस की बंपर जीत, 3558 सीटों पर कब्जा; भाजपा 1436 सीटों से पिछड़ी, कई जिलों में निर्दलीयों का दबदबा

जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के पंचायत समिति सदस्यों के नतीजों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को करारी शिकस्त दी है। प्रदेश की 37 जिला इकाइयों के 7543 निर्वाचन क्षेत्रों के आंकड़ों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस ने कुल 3558 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा महज 2122 सीटों पर सिमट गई। दोनों प्रमुख दलों के बीच 1436 सीटों का बड़ा अंतर रहा। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवारों ने 612 सीटें जीतकर अपनी ताकत दिखाई है।

जिलेवार नतीजों पर नजर डालें तो कांग्रेस ने 37 में से 30 जिलों में सबसे ज्यादा सीटें हासिल की हैं। भाजपा केवल चार जिलों में बढ़त बनाने में सफल रही। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। डूंगरपुर में BAP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि नागौर में हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने सबसे ज्यादा सीटें जीतीं। डीग में निर्दलीय उम्मीदवारों का दबदबा रहा।

जयपुर-जोधपुर में कांग्रेस की बड़ी जीत

राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने भाजपा को बड़े अंतर से पछाड़ दिया। यहां 386 सीटों में से कांग्रेस ने 216 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को केवल 87 सीटें मिलीं। RLP ने 60 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 20 सीटें हासिल कीं। इस तरह जयपुर में कांग्रेस और भाजपा के बीच 129 सीटों का अंतर रहा।

जोधपुर में भी कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया। यहां कांग्रेस को 195, भाजपा को 81 और RLP को 62 सीटें मिलीं। सीकर में कांग्रेस ने 304 में से 178 सीटें जीतकर अपना दबदबा कायम रखा, जबकि भाजपा को 87 सीटें मिलीं। झुंझुनूं में कांग्रेस ने 130 और भाजपा ने 73 सीटें हासिल कीं। हालांकि, चूरू में दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां भाजपा ने 84 और कांग्रेस ने 83 सीटें जीतीं।

दौसा, बीकानेर और भीलवाड़ा में भी कांग्रेस आगे

दौसा में कांग्रेस ने 240 में से 135 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा को 59 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 41 सीटें मिलीं। भीलवाड़ा में कांग्रेस ने 165 और भाजपा ने 111 सीटें हासिल कीं। बीकानेर में भी कांग्रेस 155 सीटों के साथ आगे रही, जबकि भाजपा को 65 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

भरतपुर में निर्दलीय उम्मीदवारों ने सबसे ज्यादा 76 सीटें जीतकर सभी दलों को पीछे छोड़ दिया। यहां कांग्रेस को 46 और भाजपा को 32 सीटें मिलीं। वहीं, अजमेर में भाजपा ने 83 सीटें जीतकर कांग्रेस को मामूली अंतर से पीछे रखा। कांग्रेस को यहां 80 सीटें मिलीं। बालोतरा में भाजपा ने 60 और कांग्रेस ने 47 सीटें हासिल कीं। उदयपुर में भी भाजपा 146 सीटों के साथ आगे रही, जबकि कांग्रेस को 137 सीटें मिलीं।

नागौर में RLP और डूंगरपुर में BAP का दम

राजस्थान के क्षेत्रीय दलों ने भी कई जिलों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। नागौर में RLP ने 212 में से 92 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का स्थान हासिल किया। कांग्रेस को 60 और भाजपा को 37 सीटें मिलीं।

डूंगरपुर में BAP ने 86 सीटों पर जीत दर्ज कर पहला स्थान हासिल किया। कांग्रेस को 74 और भाजपा को 65 सीटें मिलीं। बांसवाड़ा में कांग्रेस 111 सीटों के साथ सबसे आगे रही, जबकि BAP ने 87 और भाजपा ने 55 सीटें जीतीं। डीग में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 39 सीटें जीतकर बढ़त बनाई। प्रतापगढ़ में कांग्रेस को 55, भाजपा को 42 और BAP को 39 सीटें मिलीं। सलूम्बर में कांग्रेस ने 32, भाजपा ने 30 और BAP ने 25 सीटें हासिल कीं।

अन्य दलों का कैसा रहा प्रदर्शन?

प्रदेशभर के नतीजों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 612 सीटें हासिल कीं। RLP को 489, BAP को 268, बहुजन समाज पार्टी (BSP) को 60 और माकपा (CPIM) को 50 सीटें मिलीं। आम आदमी पार्टी (AAP) केवल 2 सीटें जीत सकी, जबकि नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) अपना खाता भी नहीं खोल पाई।

कुल मिलाकर पंचायत समिति चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने भाजपा पर बड़ी बढ़त बनाकर प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। वहीं, क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की सफलता ने भी कई जिलों में चुनावी समीकरण बदल दिए हैं।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Recent Posts:
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x