नई दिल्ली। SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से SIR के मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कराने की चुनौती के बाद कांग्रेस ने भी अपना रुख साफ कर दिया है। कांग्रेस ने कहा है कि वह संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए सरकार को दो शर्तें माननी होंगी।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें और कथित तौर पर गलत तरीके से कराई गई SIR प्रक्रिया को रद्द किया जाए। कांग्रेस का कहना है कि जब पिछले संसद सत्र में विपक्ष ने SIR पर चर्चा की मांग की थी, तब सरकार ने चुनाव आयोग को संवैधानिक संस्था बताते हुए संसद में इस मुद्दे पर बहस कराने से इनकार कर दिया था। ऐसे में अब सरकार की ओर से विशेष सत्र बुलाने की पेशकश पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं।
जयराम रमेश ने सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
इससे पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर केंद्र सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा कि संसद का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए 82 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक सत्रावसान नहीं हुआ है।
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार लोकसभा में परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए विशेष सत्र बुलाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी विपक्ष को पहले दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि सरकार इन प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने से क्यों बच रही है।
अमित शाह ने राहुल गांधी को दी थी चुनौती
दरअसल, 2 नवंबर को हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी संविधान की प्रति लेकर चलते हैं, लेकिन उसके सिद्धांतों का पालन नहीं करते और संसद की कार्यवाही बाधित करते हैं।
अमित शाह ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा था कि सरकार SIR के मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है। विपक्ष को संसद के अंदर आकर इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि चर्चा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष के तर्कों का जवाब देंगे।
SIR और परिसीमन को लेकर बढ़ सकता है टकराव
अमित शाह की चुनौती और कांग्रेस की शर्तों के बाद SIR का मुद्दा एक बार फिर संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। अब देखना होगा कि सरकार कांग्रेस की मांगों पर क्या रुख अपनाती है और क्या इस मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन पाती है।