केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों और विपक्षी गठबंधन INDIA के प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष सड़क पर प्रदर्शन करने के बजाय संसद के विशेष सत्र में इस मुद्दे पर बहस करे।
अमित शाह ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार के बाद विपक्ष को समझ आ गया है कि वह चुनाव जीतकर सत्ता में नहीं आ सकता। इसलिए अब जनादेश पर सवाल उठाने और वोट चोरी का मुद्दा उठाने के बहाने तलाशे जा रहे हैं।
‘हार के बाद अंपायर पर लगा रहे बेईमानी का आरोप’
लखनऊ की सभा में अमित शाह ने चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए बीजेपी और एनडीए की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र में बीजेपी-एनडीए ने जीत हासिल की। बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बना, जबकि दिल्ली में तीन दशक बाद पार्टी की सरकार बनी। उन्होंने असम और पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों का भी उल्लेख किया।
विपक्ष के चुनाव आयोग पर सवाल उठाने और वोट चोरी के आरोपों पर तंज कसते हुए शाह ने क्रिकेट मैच का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब कोई टीम मैच हारती है तो उसे आत्ममंथन करना चाहिए और अपनी तैयारी बेहतर करनी चाहिए, लेकिन राहुल गांधी और उनके साथ खड़े विपक्षी नेता हार स्वीकार करने के बजाय अंपायर यानी चुनाव आयोग पर बेईमानी का आरोप लगा रहे हैं।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव को संसद में बहस की चुनौती
गृह मंत्री ने कहा कि बीजेपी वोट चोरी के आरोपों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाकर इस मुद्दे पर खुली बहस की जा सकती है।
शाह के मुताबिक, बीजेपी के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और सड़क पर प्रदर्शन के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने का आरोप लगाया।
बारिश के कारण विपक्ष का कार्यक्रम टला
इस बीच, दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित INDIA गठबंधन की रैली और ‘दिल्ली चलो’ मार्च को लेकर विपक्षी दलों की तैयारियां जारी हैं। इससे पहले आयोजित होने वाला ‘जन-महाभियोग’ कार्यक्रम बारिश के कारण एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर राहुल गांधी ने विपक्षी नेताओं के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। राहुल गांधी ने कहा कि यह अलग-अलग दलों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्ष का साझा कार्यक्रम है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेताओं को बारिश के कारण परेशानी न हो, इसलिए आपसी सहमति से शुक्रवार का कार्यक्रम शनिवार के लिए टाल दिया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष शनिवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत एकजुट होकर प्रदर्शन करेगा।