मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

ओमान के पास भारतीय जहाज पर हमला, 1 नाविक की मौत; 13 को सुरक्षित बचाया गया

ओमान के समुद्री क्षेत्र के पास भारतीय झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को सोमवार को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई है। हमले में जहाज पर मौजूद एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि बाकी 13 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को घटना की जानकारी साझा की।

जानकारी के अनुसार, एमएसवी अल जुसुफी (MSV AL JUSUFI) ओमान के तट के करीब समुद्री रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को निशाना बनाया। घटना के समय जहाज पर कुल 14 भारतीय नागरिक सवार थे।

हमले में घायल हुए एक नाविक की बाद में मौत हो गई। मृतक की पहचान गुजरात निवासी गांधार नाहिम अजीज के तौर पर हुई है।

ओमान तटरक्षक बल ने किया रेस्क्यू

हमले के बाद जहाज पर मौजूद 13 भारतीय नाविकों को ओमान के तटरक्षक बल ने सुरक्षित निकाल लिया। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, ओमान में मौजूद भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है और बचाए गए सभी भारतीय नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वय कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने जताई चिंता

घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय ने भारतीय झंडे वाले वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले की निंदा करते हुए मृतक नाविक के परिवार के प्रति संवेदना जताई।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि 14 भारतीय नागरिकों में से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक नाविक ने चोटों के कारण दम तोड़ दिया। मंत्रालय ने यह भी कहा कि मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने और सुरक्षित बचे नाविकों की जल्द वापसी के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

भारत ने क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने पर चिंता जताते हुए तनाव कम करने और राजनयिक माध्यम से समाधान निकालने की जरूरत पर जोर दिया है।

मृतक नाविक का शव भारत लाने की कोशिश

भारतीय अधिकारियों का प्रयास है कि हादसे में जान गंवाने वाले नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाया जाए। साथ ही सुरक्षित बचाए गए 13 भारतीयों की वापसी की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

पश्चिम एशिया के तनाव के बीच बढ़ी चिंता

पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के बीच समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। ऐसे में भारतीय नागरिकों वाले वाणिज्यिक जहाज पर हुई इस घटना ने सुरक्षा को लेकर सवाल और बढ़ा दिए हैं।

भारत लगातार क्षेत्र में समुद्री यातायात को सुरक्षित बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर जहाजों की आवाजाही निर्बाध रखने की मांग करता रहा है। ताजा घटना के बाद भी भारतीय अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x