मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

Maharashtra MLC Election: MVA की जीत से गदगद रोहिणी खडसे, बैलेट पेपर चुनाव पर सरकार को घेरा

मुंबई: महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव में महाविकास आघाड़ी (MVA) ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि सत्तारूढ़ महायुति के खाते में दो सीटें आई हैं। इस नतीजे के बाद विपक्षी दलों में उत्साह देखने को मिल रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता और महिला प्रदेशाध्यक्ष रोहिणी खडसे ने इस जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं के भरोसे का परिणाम बताया। साथ ही उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए।

बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई

रोहिणी खडसे ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में MVA के तीन उम्मीदवारों की जीत पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास का नतीजा है। उन्होंने इसे मतदाताओं के विश्वास की जीत बताया।

खडसे ने महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जनता में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष बैलेट पेपर से चुनाव कराने के पक्ष में है, लेकिन सरकार इस व्यवस्था को अपनाने से बच रही है। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र में चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

पेपर लीक मामले में सरकार पर लगाए आरोप

रोहिणी खडसे ने पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इस मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। छात्रों ने इसके विरोध में आंदोलन भी किया, लेकिन इसके बावजूद दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।

खडसे ने दावा किया कि सरकार आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, स्नातक मतदाताओं ने चुनाव में मतदान के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है।

आर्थिक तंगी से प्रभावित हो रही लड़कियों की शिक्षा

खडसे ने ग्रामीण इलाकों में लड़कियों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई परिवार अपनी बेटियों की शिक्षा बीच में ही बंद करवा देते हैं। कुछ परिवार आर्थिक दबाव में लड़कों की पढ़ाई को प्राथमिकता देते हैं, जिससे लड़कियों की शिक्षा प्रभावित होती है।

उन्होंने राज्य के कई जिलों में बच्चों के कुपोषण की समस्या का मुद्दा भी उठाया। इन समस्याओं की जमीनी स्थिति जानने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की महिला आघाड़ी की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा किया जा रहा है।

महिला आघाड़ी सरकार के सामने रखेगी मुद्दे

रोहिणी खडसे के मुताबिक, महिला आघाड़ी के दौरे के दौरान ग्रामीण महिलाओं, बच्चियों और बच्चों से जुड़े मुद्दों की जानकारी जुटाई जा रही है। इन क्षेत्रों में सामने आने वाली समस्याओं को पार्टी नेतृत्व के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, कुपोषण और महिलाओं की स्थिति जैसे मुद्दों पर ध्यान देना जरूरी है। अब देखना होगा कि विपक्ष की ओर से उठाए गए इन सवालों पर राज्य सरकार क्या कदम उठाती है।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x