Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को जोरदार गिरावट देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले कमजोर संकेतों के बीच दोनों कीमती धातुएं दबाव में आ गईं। चांदी में सोने के मुकाबले ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। COMEX पर सिल्वर 3 फीसदी से ज्यादा टूट गया, जबकि गोल्ड भी लाल निशान में कारोबार करता रहा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX सिल्वर 3.35 फीसदी यानी 1.435 डॉलर गिरकर 41.740 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इससे पहले चांदी 43.810 डॉलर के स्तर पर थी। वहीं, COMEX गोल्ड 0.82 फीसदी यानी 29.90 डॉलर की गिरावट के साथ 3,621.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। इसका पिछला स्तर 3,676.70 डॉलर था।
MCX पर सोना-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट
भारत में मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के चलते MCX सुबह के कारोबारी सत्र में बंद रहा। हालांकि, शाम को बाजार खुलने के बाद सोने और चांदी दोनों में बिकवाली देखने को मिली।
कारोबार के दौरान सोना करीब 1,556 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर गया। वहीं, चांदी की कीमत में करीब 4,984 रुपये प्रति किलोग्राम तक की गिरावट दर्ज की गई।
खबर लिखे जाने तक MCX पर सोना 1,25,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा था। सोने का इंट्राडे हाई 1,25,549 रुपये रहा। इससे पहले सोमवार को गोल्ड 1,25,996 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी में भी कमजोरी बनी रही। शाम 5:30 बजे तक सिल्वर 3,248 रुपये टूटकर 1,50,969 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान चांदी ने 1,49,233 रुपये का लो और 1,51,150 रुपये का हाई बनाया। सोमवार को चांदी 1,54,217 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
IBJA में पिछले दिन के सोने-चांदी के भाव
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के सोमवार, 23 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का भाव 1,25,123 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। वहीं 22 कैरेट गोल्ड 1,14,613 रुपये और 18 कैरेट सोना 93,842 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज किया गया।
चांदी की कीमत पिछले कारोबारी दिन 1,52,941 रुपये प्रति किलोग्राम रही थी।
सोने की कीमतों में गिरावट की वजह क्या है?
बाजार विशेषज्ञ नितिन केडिया के मुताबिक, तुर्की के केंद्रीय बैंक के गवर्नर फातिह कराहान के बयान से बाजार में अनिश्चितता बढ़ी है। उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर विदेशी मुद्रा जुटाने के लिए बैंक गोल्ड स्वैप जैसे विकल्पों का इस्तेमाल कर सकता है।
हालांकि, बाजार अभी इस बात को लेकर स्पष्ट नहीं है कि बैंक सोने के बदले अस्थायी रूप से डॉलर जुटाएगा या खुले बाजार में सोने की बिक्री करेगा। 23 नवंबर के बयान में सीधे तौर पर नई गोल्ड सेल की घोषणा नहीं की गई थी।
तकनीकी स्तरों की बात करें तो COMEX गोल्ड के लिए 3,609 डॉलर प्रति औंस पहला सपोर्ट माना जा रहा है। इसके नीचे कमजोरी बढ़ने पर 3,580 डॉलर का स्तर अहम हो सकता है। वहीं, ऊपर की ओर 3,655 डॉलर पहली रुकावट और 3,682 डॉलर अगला प्रमुख स्तर है।
चांदी में आगे क्या रहेगा रुख?
चांदी को लेकर भी बाजार विशेषज्ञों की नजर अहम तकनीकी स्तरों पर बनी हुई है। नितिन केडिया के मुताबिक, डॉलर इंडेक्स में लगभग स्थिरता के बावजूद चांदी में दोपहर तक 3.35 फीसदी की गिरावट दर्ज होना बाजार में कमजोरी का संकेत है।
COMEX सिल्वर के लिए 41.50 डॉलर प्रति औंस पहला सपोर्ट है। यदि कीमत इस स्तर के नीचे टिकती है तो चांदी 39.70 डॉलर तक फिसल सकती है। वहीं, तेजी लौटने पर 43.80 डॉलर पहला रेजिस्टेंस और इसके ऊपर 44.50 डॉलर अगला अहम स्तर रहेगा।
सोने और चांदी में आई इस गिरावट के बाद निवेशकों की नजर अब अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेतों, डॉलर की चाल और आने वाले कारोबारी सत्रों पर बनी रहेगी।