धरसीवा जनपद सदस्य बरखा साहू को संगठन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
रायपुर। धरसीवा क्षेत्र में जनसेवा और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय श्रीमती बरखा साहू को रायपुर जिला (ग्रामीण) महिला कांग्रेस का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला कांग्रेस पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री अलका लांबा के अनुमोदन तथा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की सहमति से बरखा साहू को यह जिम्मेदारी दी गई है। 21 नवंबर 2026 को जारी कार्यालयीन आदेश में रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष के रूप में उनके नाम की घोषणा की गई।
वर्तमान में धरसीवा जनपद पंचायत की सदस्य बरखा साहू लंबे समय से क्षेत्र में सामाजिक कार्यों, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय हैं। जनपद सदस्य के रूप में भी उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं को लेकर अपनी भागीदारी निभाई है।
नियुक्ति के बाद बरखा साहू ने पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व सहित सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। उनकी प्राथमिकता गांव-गांव तक महिला कांग्रेस को मजबूत करना, अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ना और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना रहेगा।
बरखा साहू की नियुक्ति पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं, महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।