पूर्व विधायक ने स्वास्थ्य सेवाओं में मितानिनों की भूमिका को बताया अहम, उचित पारिश्रमिक और सुविधाएं देने की उठाई मांग
रायपुर। मितानिन दिवस के मौके पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने मितानिन बहनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने मितानिनों को सम्मानित कर समाज और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनके समर्पण और योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में भीम यादव भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास उपाध्याय ने कहा कि मितानिन बहनें स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। वे घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती हैं और जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, नवजात शिशुओं की सुरक्षा, टीकाकरण, पोषण और परिवार कल्याण जैसे कार्यों में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि मितानिनें केवल स्वास्थ्य संबंधी जिम्मेदारियां ही नहीं निभातीं, बल्कि मुश्किल समय में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी रहकर सामाजिक जिम्मेदारी भी निभाती हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका सेवा भाव सराहनीय है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि मितानिन बहनों के काम और मेहनत को देखते हुए उन्हें उचित पारिश्रमिक, सम्मान और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मितानिनें समाज की स्वास्थ्य प्रहरी हैं और उनके योगदान का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उन्होंने सभी मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके अधिकारों और सम्मान के लिए आवाज उठाने की बात कही। कार्यक्रम में सम्मानित मितानिन बहनों ने आयोजकों के प्रति आभार जताया। भीम यादव सहित अन्य उपस्थितजनों ने भी उनके कार्यों की प्रशंसा की।