मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

पंजाब में AAP सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या, दोस्त भी घायल; 8 राउंड फायरिंग से दहला गांव

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर जिले के चीते कलां गांव में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ी महिला सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तीरथ सिंह के रूप में हुई है। इस घटना में उसका दोस्त रंजीत सिंह भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

गुरुद्वारे से लौटते समय हुआ हमला

पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम तीरथ सिंह अपने दोस्त रंजीत सिंह के साथ गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद घर लौट रहा था। दोनों अभी गुरुद्वारे के पास ही थे, तभी मोटरसाइकिल पर आए हमलावरों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कम से कम आठ राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। वहां दोनों युवक घायल अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीरथ सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रंजीत सिंह का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

ड्रग्स को लेकर विवाद की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिवार का आरोप है कि तीरथ सिंह ने करीब दो दिन पहले कुछ लोगों को नशा करने से रोका था। इस बात को लेकर उनके बीच बहस भी हुई थी। पुलिस इस पहलू समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, तीरथ सिंह का भाई कराज सिंह भी आम आदमी पार्टी से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने आपसी दुश्मनी की आशंका को भी जांच में शामिल किया है।

तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

तीरथ सिंह की मां गांव की सरपंच हैं और आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई हैं। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुरदित सिंह, हरकीरत सिंह उर्फ हाकी और गोरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि आरोपी भी इसी गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x