लातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले में अंधविश्वास और कथित काले जादू से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लातूर-उदगीर रोड पर करडखेल पाटी के पास कथित तौर पर पैसों की बारिश कराने के नाम पर 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को एक अघोरी अनुष्ठान में शामिल करने की तैयारी की जा रही थी। सूचना मिलते ही उदगीर ग्रामीण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और नाबालिग को सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, करडखेल पाटी के पास लक्ष्मी पूजा के नाम पर कथित अघोरी पूजा की गुप्त तैयारी की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में एक अघोरी बाबा समेत करीब 15 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है।
आरोप है कि पैसों की बारिश होने के अंधविश्वास में नाबालिग लड़की को वहां लाया गया था। पुलिस को आशंका है कि आधी रात में उसके साथ आपत्तिजनक और अमानवीय कर्मकांड किए जाने की योजना थी। हालांकि, अनुष्ठान शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर संभावित अपराध को रोक दिया।
गुप्त सूचना मिलने के बाद उदगीर ग्रामीण पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूजा की तैयारियां रुकवाईं और नाबालिग को वहां से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र नरबलि एवं अन्य अमानवीय, अनिष्ट और अघोरी प्रथा तथा जादूटोना प्रतिबंधक कानून के साथ-साथ POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब कथित अघोरी पूजा के पीछे मौजूद मुख्य साजिशकर्ता की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का किसी संगठित गिरोह से संबंध है या नहीं और क्या इससे पहले भी इस तरह के अनुष्ठान आयोजित किए गए थे। मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है।