देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 18 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा समेत 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में भारी से मूसलाधार बारिश के साथ आंधी, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
दिल्ली: राजधानी में सुबह और दोपहर के समय हल्की बारिश होने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और बारिश से उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश: गौतमबुद्ध नगर, अयोध्या, आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, झांसी और वाराणसी समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी है। लखनऊ में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
बिहार और मध्य प्रदेश: पटना समेत बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवाएं 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी भारी बारिश के कारण कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
राजस्थान और छत्तीसगढ़: राजस्थान के कई जिलों में हल्की से भारी बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, बिलासपुर, जशपुर, कोरबा और सरगुजा समेत कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है, जिससे कुछ इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल:18 अगस्त को 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दोनों पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी है। लगातार बारिश के कारण संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
पश्चिम बंगाल: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। तटीय तथा गंगा के मैदानी क्षेत्रों में हवाओं की गति 55 से 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। मौसम खराब रहने के दौरान मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा झारखंड, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का अलर्ट है। किसानों को बारिश के दौरान खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल नहीं करने तथा तैयार फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।