मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

बिना एड्रेस प्रूफ मिलेगा LPG सिलेंडर! जानिए मुन्ना और छोटू में क्या है फर्क

बीते कुछ समय से केंद्र सरकार एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम करने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के विस्तार पर जोर दे रही है। वहीं, मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते इस साल एलपीजी की सप्लाई को लेकर भी चिंता देखने को मिली। ऐसे माहौल में सरकार और तेल कंपनियों ने छोटे एलपीजी सिलेंडरों को भी बढ़ावा दिया है।

इंडियन ऑयल की ओर से 5 किलो के छोटू LPG सिलेंडर के अलावा 2 किलो का मुन्ना LPG सिलेंडर भी उपलब्ध कराया जाता है। खास बात यह है कि इन छोटे सिलेंडरों को लेने के लिए सामान्य घरेलू LPG कनेक्शन की तरह एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं होती। ऐसे में छात्र, प्रवासी, कामकाजी लोग और कम गैस खपत वाले उपभोक्ता इन्हें आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं।

2 किलो का मुन्ना LPG सिलेंडर किसके लिए है?

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) का 2 किलोग्राम का मुन्ना LPG सिलेंडर खास तौर पर उन लोगों के लिए है, जिनके पास स्थानीय पते का प्रमाण नहीं है।

यह सिलेंडर खासकर छात्रों, कामकाजी महिलाओं, सड़क किनारे सामान बेचने वालों, शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासियों तथा कम गैस खपत करने वाले लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है।

मुन्ना सिलेंडर लेने के लिए ग्राहक को केवल मान्य पहचान प्रमाण (ID Proof) देना होता है। स्थानीय एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं होती।

कहां से मिलेगा मुन्ना सिलेंडर?

मुन्ना LPG सिलेंडर इंडेन डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नेटवर्क के अलावा चुनिंदा बिक्री केंद्रों से भी लिया जा सकता है। इनमें इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट, चुनिंदा किराना स्टोर और कुछ स्थानीय सुपरमार्केट शामिल हैं।

सिलेंडर खत्म होने के बाद ग्राहक देशभर में उपलब्ध किसी भी संबंधित बिक्री केंद्र या डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर जाकर इसे रिफिल करा सकते हैं। यानी इसे इस्तेमाल करने के लिए किसी एक स्थानीय पते से बंधे रहने की जरूरत नहीं है।

5 किलो का छोटू LPG सिलेंडर क्या है?

इंडियन ऑयल का 5 किलोग्राम का छोटू LPG सिलेंडर भी उन लोगों के लिए बनाया गया है, जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत होती है या जिनके पास स्थानीय पते का प्रमाण उपलब्ध नहीं है।

छोटू सिलेंडर लेने के लिए एड्रेस प्रूफ (POA) की आवश्यकता नहीं होती। ग्राहक को केवल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त पहचान प्रमाण देना होता है। इसके लिए किसी सिक्योरिटी डिपॉजिट की भी जरूरत नहीं होती।

यह सिलेंडर देश के लगभग सभी जिलों में उपलब्ध है और इसे अधिकृत इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर या उनके द्वारा नियुक्त बिक्री केंद्रों से खरीदा जा सकता है। बिक्री केंद्रों में किराना स्टोर और इंडियनऑयल के रिटेल आउटलेट भी शामिल हो सकते हैं।

छोटू सिलेंडर की होम डिलीवरी भी

अगर ग्राहक छोटू सिलेंडर का रिफिल घर पर मंगाना चाहता है तो बिक्री केंद्र के माध्यम से होम डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए प्रति रिफिल 25 रुपये का अतिरिक्त डिलीवरी शुल्क देना होता है।

ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी शहर में छोटू LPG सिलेंडर का इस्तेमाल कर सकते हैं।

मुन्ना और छोटू में क्या अंतर है?

फीचरमुन्ना LPGछोटू LPG
सिलेंडर क्षमता2 किलो5 किलो
एड्रेस प्रूफजरूरी नहींजरूरी नहीं
पहचान पत्रजरूरीजरूरी
सिक्योरिटी डिपॉजिट—नहीं
किसके लिए उपयोगीकम गैस खपत, छात्र, प्रवासी आदिछोटे परिवार, कम खपत वाले उपभोक्ता
रिफिलबिक्री केंद्र/डिस्ट्रीब्यूटरबिक्री केंद्र/डिस्ट्रीब्यूटर
पोर्टेबिलिटीकिसी भी शहर में इस्तेमालकिसी भी शहर में इस्तेमाल

इस्तेमाल के बाद छोटू सिलेंडर बेच भी सकते हैं

छोटू LPG सिलेंडर की एक खास सुविधा यह है कि अगर ग्राहक ने इसे किसी बिक्री केंद्र से खरीदा है, तो उसके पास बाद में इसे वापस बेचने का विकल्प भी हो सकता है। इसके लिए प्रति सिलेंडर 500 रुपये की निश्चित राशि दी जाती है, चाहे ग्राहक ने सिलेंडर कितने समय तक इस्तेमाल किया हो।

किसके लिए कौन सा सिलेंडर बेहतर?

अगर आपकी LPG खपत बेहद कम है और आपको केवल सीमित मात्रा में गैस की जरूरत पड़ती है, तो 2 किलो का मुन्ना सिलेंडर उपयोगी विकल्प हो सकता है। वहीं, जिन लोगों को मुन्ना से ज्यादा गैस की जरूरत है लेकिन सामान्य 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की आवश्यकता नहीं है, उनके लिए 5 किलो का छोटू सिलेंडर बेहतर विकल्प हो सकता है।

खासकर छात्रों, किराए के मकान में रहने वाले लोगों, प्रवासियों और ऐसे उपभोक्ताओं के लिए ये छोटे सिलेंडर सुविधाजनक हो सकते हैं, जिन्हें सामान्य LPG कनेक्शन लेने में एड्रेस प्रूफ की समस्या आती है।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x