देश में साइबर अपराध के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए नए तरीके अपना रहे हैं। अब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम और आवाज का कथित तौर पर इस्तेमाल कर लोगों को फर्जी निवेश योजनाओं का लालच देने का मामला सामने आया है।
प्रियंका गांधी के कार्यालय ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सावधान करते हुए स्कैम अलर्ट जारी किया है। कार्यालय के मुताबिक, WhatsApp, Instagram समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रियंका गांधी की तस्वीर और आवाज का इस्तेमाल करके AI से तैयार किए गए फर्जी वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। इन वीडियो के जरिए लोगों को निवेश करने और भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया जा रहा है।
कार्यालय ने स्पष्ट किया कि ऐसे वीडियो और निवेश संबंधी दावे फर्जी हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ऐसे किसी ऑफर के झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। संदिग्ध पोस्ट या वीडियो को रिपोर्ट और ब्लॉक करने की सलाह भी दी गई है।
पहले निर्मला सीतारमण के नाम पर भी सामने आया था फर्जी वीडियो
AI के जरिए नेताओं और चर्चित हस्तियों की नकली आवाज तथा वीडियो तैयार कर धोखाधड़ी करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर एक फर्जी निवेश योजना का वीडियो प्रसारित किया गया था।
फर्जी वीडियो में कम रकम निवेश कर हर सप्ताह लाखों रुपये कमाने का दावा किया गया था। जांच के बाद PIB फैक्ट चेक ने इसे फर्जी और AI से तैयार किया हुआ वीडियो बताया था। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया था कि वित्त मंत्री ने ऐसी किसी निवेश योजना या प्लेटफॉर्म का समर्थन नहीं किया है।
लालच वाले निवेश ऑफर से रहें सतर्क
साइबर विशेषज्ञ लगातार लोगों को चेतावनी देते रहे हैं कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले असाधारण मुनाफे वाले निवेश ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें। ठग अक्सर किसी प्रसिद्ध व्यक्ति की तस्वीर, आवाज या वीडियो का इस्तेमाल करके लोगों के बीच विश्वास पैदा करने की कोशिश करते हैं।
किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसके स्रोत और दावों की स्वतंत्र रूप से जांच करना जरूरी है। सरकारी योजना या किसी सार्वजनिक व्यक्ति से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट को ही भरोसेमंद स्रोत मानना चाहिए।
AI तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच डिजिटल सावधानी ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।