मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

Weather Alert: 23 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, छत्तीसगढ़ में 85 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

नई दिल्ली। मानसून की विदाई से पहले देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान समेत 23 राज्यों में बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, त्रिपुरा, असम, मेघालय और नागालैंड में मौसम खराब रह सकता है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।

बंगाल की खाड़ी की मौसम प्रणाली का असर

IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली का प्रभाव पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ और विदर्भ की ओर दबाव का क्षेत्र बढ़ने की संभावना है। इसके चलते कई राज्यों में तेज बारिश और हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

दिल्ली-NCR में बारिश के साथ तेज हवाएं

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14 सितंबर को मध्यम बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, झांसी, कानपुर, इटावा, सोनभद्र, मिर्जापुर, सीतापुर, उन्नाव, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मैनपुरी, गाजीपुर, बलिया, बांदा, प्रयागराज, देवरिया, गोंडा, बलरामपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बिहार-झारखंड में भी बिगड़ेगा मौसम

बिहार के गया, पूर्वी चंपारण, रोहतास, नवादा, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। झारखंड के रांची, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू और दुमका में भी तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट है।

राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं का खतरा

राजस्थान के अजमेर, भरतपुर, उदयपुर, जयपुर, कोटा, पाली और बीकानेर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मध्य प्रदेश में भी बारिश के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड के बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल और अल्मोड़ा में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, सिरमौर, शिमला, मंडी, चंबा, कुल्लू और सोलन में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भी भारी बारिश और आंधी की संभावना है.

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x