PM Modi Gujarat-Maharashtra Visit: 35 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात, जेन-जी से करेंगे सीधा संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही मुंबई में आयोजित होने वाले ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे की शुरुआत गुजरात के वडोदरा से होगी। यहां वह कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करने के साथ नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वडोदरा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री युवाओं और जेन-जी से सीधे संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
वडोदरा में भव्य तैयारियां
जेन-जी संवाद कार्यक्रम को लेकर वडोदरा में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर करीब एक किलोमीटर लंबा विशाल डोम तैयार किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए लगभग 700 मीटर लंबा रेड कार्पेट भी बिछाया गया है। प्रधानमंत्री इसी मार्ग से गुजरते हुए युवाओं और कार्यक्रम में मौजूद लोगों का अभिवादन करेंगे।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने दौरे की जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह वडोदरा, नवसारी और मुंबई में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान कई हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं देश को समर्पित की जाएंगी।
वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को मिलेगी नई रफ्तार
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे यानी वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के 326 किलोमीटर लंबे तीन हिस्सों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।
इनमें साणंद उत्तर-मकरपुरा, न्यू उमरगाम-न्यू सफाले और न्यू सफाले से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण तक के हिस्से शामिल हैं। इन खंडों के शुरू होने से देश के माल ढुलाई नेटवर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जेएनपीए तक सीधी रेल कनेक्टिविटी
फ्रेट कॉरिडोर के इन हिस्सों के चालू होने से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे बंदरगाहों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच माल की आवाजाही तेज होने के साथ लॉजिस्टिक्स लागत घटाने में मदद मिल सकती है। मुंबई के मौजूदा रेल नेटवर्क पर माल ढुलाई का दबाव कम होने की भी उम्मीद है।
प्रधानमंत्री न्यू साणंद उत्तर, न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगाम और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा वडोदरा से टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा की शुरुआत भी की जाएगी, जिससे वडोदरा, छोटा उदेपुर और अलीराजपुर क्षेत्र के यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
तीन बड़ी रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला
प्रधानमंत्री करीब 329 किलोमीटर लंबी तीन रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं की अनुमानित लागत 9,700 करोड़ रुपये से अधिक है।
इनमें वडोदरा-रतलाम रेल मार्ग पर तीसरी और चौथी लाइन का निर्माण, मियागाम करजन-चोरंदा-मलसर रेल लाइन का गेज परिवर्तन तथा विश्वामित्री-दभोई रेल लाइन के दोहरीकरण की परियोजना शामिल है।
राष्ट्रीय राजमार्गों को भी मिलेगी मजबूती
रेल परियोजनाओं के अलावा प्रधानमंत्री लगभग 1,780 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास प्रस्तावित है।
गुजरात के बाद प्रधानमंत्री महाराष्ट्र पहुंचेंगे, जहां मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को गुजरात और महाराष्ट्र में बुनियादी ढांचे, रेलवे, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल वित्तीय क्षेत्र को गति देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।