तिमाही पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

 पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना बनी वरदान, अब माइनस में आ रहा बिजली बिल

दंतेवाड़ा, केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिले के नागरिकों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से लोग न केवल अपनी बिजली की जरूरतें पूरी कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर आय अर्जित करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं। जिले के कतियाररास निवासी श्री सुरेश कुमार वर्मा इस योजना की सफलता की एक प्रेरक मिसाल बनकर सामने आए हैं। उन्होंने मई 2026 में अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराया। सोलर प्लांट लगने के बाद उनके बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है। श्री वर्मा बताते हैं कि पहले जहां नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था, वहीं अब उनका बिजली बिल माइनस में आ रहा है। इस माह उन्हें लगभग 150 रुपये का माइनस बिजली बिल प्राप्त हुआ है, जो अतिरिक्त बिजली उत्पादन का सकारात्मक परिणाम है।
 
श्री वर्मा को सोलर संयंत्र स्थापना के लिए केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। वे बताते हैं कि घर में अकेले रहने के कारण उन्होंने अपनी आवश्यकता के अनुसार 3 किलोवाट क्षमता का संयंत्र चुना। उनके दोनों बच्चे बाहर नौकरी करते हैं, लेकिन उन्होंने अपने पिता की सुविधा और भविष्य की बचत को ध्यान में रखते हुए पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी जुटाई। बच्चों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और अधिकृत वेंडरों से योजना की पूरी जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। श्री वर्मा का कहना है कि सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया सरल है और सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के कारण यह आम नागरिकों के लिए किफायती भी बन गई है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा कि बढ़ते बिजली खर्च से राहत पाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ लें।
 
उल्लेखनीय है कि ’’पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’’ के तहत पात्र परिवारों को रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आकर्षक अनुदान प्रदान किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य घरों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना, बिजली बिल में कमी लाना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। इस संबंध मे जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे योजना की अधिक जानकारी के लिए संबंधित विद्युत कार्यालय अथवा अधिकृत वेंडरों से संपर्क कर योजना का लाभ उठाएं और स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का हिस्सा बनें। 

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Recent Posts:
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x