मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

‘योगी जी के बीच कोई दीवार नहीं’, CM बनने के सवाल पर केशव मौर्य ने साफ किया अपना रुख

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला संगठन और पार्टी नेतृत्व करता है। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच किसी तरह की दूरी नहीं है।

‘हमारे और योगी जी के बीच कोई दीवार नहीं’

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कुछ लोगों ने उनके और योगी आदित्यनाथ के बीच दीवार खड़ी करने की कोशिश जरूर की, लेकिन दोनों मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पार्टी की ओर से कोई नया फैसला नहीं होता, तब तक मौजूदा नेतृत्व ही कायम रहेगा। उनके मुताबिक भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी।

अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर भी केशव मौर्य ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सत्ता में वापसी उत्तर प्रदेश को तबाही की ओर ले जाने जैसा होगा। उन्होंने भाजपा की आगामी चुनावी तैयारी को लेकर भी भरोसा जताया और कहा कि पार्टी 2027 में फिर प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।

403 सीटों पर खुद को बताया प्रत्याशी

जब उनसे पूछा गया कि वह 2027 का चुनाव किस सीट से लड़ेंगे, तो केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव वह जरूर लड़ेंगे, लेकिन सीट का फैसला संगठन करेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह खुद को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों का प्रत्याशी मानते हैं।

इससे पहले एक इंटरव्यू में केशव मौर्य यह स्वीकार कर चुके हैं कि उनके मन में मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि केवल उनके चाहने से मुख्यमंत्री बनने का फैसला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री का चयन पार्टी नेतृत्व और विधायक दल की प्रक्रिया के तहत होता है।

कार्यकर्ताओं को 2027 के लिए जुटने का संदेश

प्रयागराज में पार्टी कार्यकर्ताओं और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 चुनाव की तैयारियों पर भी जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होने और पूरी मेहनत के साथ चुनाव की तैयारी करने को कहा।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास जनता को भ्रमित करने के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं है। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देने की अपील की।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा पखवाड़ा

केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि 17 सितंबर से भाजपा का सेवा पखवाड़ा अभियान शुरू होगा। यह दिन भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के रूप में भी मनाया जाएगा। बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारी, विधायक, एमएलसी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Recent Posts:
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x