तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में बड़ा ऐलान करते हुए पात्र परिवारों को हर साल तीन LPG सिलेंडर की कीमत की प्रतिपूर्ति देने की घोषणा की है। ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स’ योजना को पोंगल 2027 से लागू किया जाएगा। योजना के तहत सालाना ₹2.5 लाख या उससे कम आय वाले परिवारों को लाभ मिलेगा।
सरकार के मुताबिक करीब 1.30 करोड़ परिवार इस योजना के दायरे में आएंगे। लाभार्थियों को सिलेंडर सीधे देने के बजाय इसकी निर्धारित राशि बैंक खाते में वापस भेजी जाएगी। इस योजना पर राज्य सरकार को सालाना करीब ₹4,000 करोड़ खर्च होने का अनुमान है।
इसके साथ ही सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा के विस्तार की घोषणा की है। यह सुविधा 2 अक्टूबर 2026 से लागू किए जाने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि LPG की बढ़ती कीमतों और क्षेत्रीय परिस्थितियों के कारण घरेलू बजट पर पड़ रहे दबाव को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। यह घोषणा TVK के चुनावी वादों से भी जुड़ी है; पार्टी ने चुनाव से पहले हर परिवार को सालाना छह मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा किया था, जबकि सरकार ने फिलहाल तीन सिलेंडर की घोषणा की है।