मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

बिलासपुर के अटल आवास में भीषण आग, जान बचाने छत से कूदे महिलाएं-बच्चे

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में रविवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सरकंडा थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग और धुएं ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घरों में मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

धुएं से घिरे लोग, जान बचाने छत से कूदे

आग की लपटें और घना धुआं फैलने के बाद कई लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दहशत में कुछ महिलाओं और बच्चों ने अपनी जान बचाने के लिए पहली और दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। इस दौरान एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई।

करीब छह बाइक जलकर खाक

ग्राउंड फ्लोर में लगी आग तेजी से फैल गई और इसकी चपेट में बाहर खड़ी करीब छह बाइक भी आ गईं। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। आग के कारण पूरे आवास परिसर में दहशत का माहौल बन गया।

रस्सी और कपड़े के सहारे लोगों को निकाला गया

आग और धुएं के कारण कई लोग आवास के भीतर फंस गए थे। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद शुरू की। रस्सी और कपड़े के सहारे महिलाओं, बच्चों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि करीब 75 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया गया।

फायर ब्रिगेड ने देर रात बुझाई आग

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से परिसर में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आग लगने के कारण और कुल नुकसान की वास्तविक जानकारी सामने आएगी।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Recent Posts:
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x