मासिक पत्रिका

छत्तीसगढ़-छत्तीसगढ़ी-छत्तीसगढ़िया

खड़े ट्रेलर में घुसी कार, मंत्री की बेटी समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत

खड़े ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, गैस कटर से निकाले गए शव

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुआ। मृतकों में मंत्री की बेटी तृषा सिंह और उनके तीन दोस्त शामिल बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे एक ट्रेलर खराब होने के कारण खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। दुर्घटना की भयावहता के कारण शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

बताया जा रहा है कि तृषा सिंह एलएलआरआई की छात्रा थीं और अपने दोस्तों के साथ कार से जा रही थीं। हादसे की सूचना के बाद उनके परिवार में शोक का माहौल है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक

हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता के लिए बेहद असहनीय होता है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की कामना की।

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी घटना पर दुख जताते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े खराब ट्रेलर को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारण सामने आएंगे।

0
Show Comments (0) Hide Comments (0)
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Recent Posts:
Share
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x